मोबाइल टावर लगाने के नाम पर लाखों रूपये का प्रलोभन देकर लोगों से साइबर ठगी करने के आरोप में दुर्गापुर पुलिस ने तीन युवतियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बिहार के एक गिरोह के सदस्य बेनाचिति स्थित किराये के मकान में कार्यालय खोलकर इस धंधे को चला रहे थे। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कई फर्जी पहचान पत्र, सिम कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप और लैंडलाइन फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को उनके घर या जमीन पर मोबाइल टावर लगवाने के बदले मोटी रकम देने का लालच देते थे। इसके बाद विभिन्न बहानों से उनके मोबाइल पर आए ओटीपी हासिल कर बैंक

खातों से रुपये निकालने का आरोप है। गिरोह के सदस्य पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों के युवक-युवतियों को भी इस काम में शामिल कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर दुर्गापुर थाना पुलिस ने राज्य पुलिस के साइबर विभाग के सहयोग से ए-जोन फांड़ी की पुलिस को साथ लेकर किराये के मकान में छापेमारी की। इस दौरान सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। मामले की जांच जारी है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पूर्वी क्षेत्र के उपायुक्त रासप्रीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विशेष टीम ने कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से कई सिम कार्ड, पहचान पत्र, ऑनलाइन दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
