दुर्गापूजा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पाकुड़ पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के विभिन्न मंदिरों, पूजा पंडालों, संवेदनशील एवं धार्मिक स्थलों तथा चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले के विभिन्न थानों में कुल 12 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को तैयार रखा गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सभी क्यूआरटी को हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर और टीजी गन सहित आवश्यक सुरक्षा एवं दंगारोधी उपकरणों से लैस किया गया है। वहीं, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और सोशल मीडिया पर

पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्यूआरटी के पुलिस पदाधिकारियों, जवानों, गृहरक्षकों और चौकीदारों को विशेष ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी क्यूआरटी टीमों को अपने निर्धारित स्थान पर तैनात रहने और प्रत्येक दो घंटे में अपनी खैरियत रिपोर्ट के साथ फोटो संबंधित व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, थाना एवं ओपी प्रभारियों को पुलिस अधीक्षक की अनुमति के बिना क्यूआरटी के बलों की संख्या में बदलाव नहीं करने का निर्देश दिया गया है। क्यूआरटी प्रभारी भी संबंधित थाना या ओपी प्रभारी की अनुमति के बिना अपने निर्धारित स्थान से नहीं हटेंगे।
