दुर्गापूजा के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में मॉक ड्रिल और फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस एवं जिला बल के जवानों ने दंगा नियंत्रण उपकरणों, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, टीयर गैस गन और वाटर कैनन के साथ सुरक्षा अभ्यास किया। इस दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की स्थिति में पहले समझाकर शांत कराने, फिर वाटर कैनन से पानी की बौछार कर भीड़ को तितर-बितर करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अश्रु गैस के गोले और लाठी बल का प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित करने का अभ्यास किया गया। इसके बाद नगर थाना क्षेत्र के सिद्धो-कान्हू पार्क से फ्लैग मार्च निकाला गया।

यह रवींद्र चौक, अटल चौक, हटपाड़ा, बिरसा चौक, अंबेडकर चौक और हरिणडांगा बाजार होते हुए गांधी चौक तक पहुंचा। फ्लैग मार्च में पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने आम नागरिकों से दुर्गापूजा का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। जिला प्रशासन और पुलिस ने पर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने का संदेश दिया।
