पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित, 300 विद्यार्थियों ने लिया भाग युवाओं को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति किया गया जागरूक, त्योहारों में सावधानी बरतने की अपील सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज में परिवहन विभाग के सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की ओर से एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें कॉलेज के विभिन्न बैचों के लगभग 200 से 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यशाला के माध्यम से युवाओं को सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ने और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन के आवश्यक दस्तावेज रखने, नशे में वाहन नहीं चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की जानकारी दी गई। साथ ही राह-वीर योजना, पीएम कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम और हिट एंड रन से संबंधित योजनाओं एवं व्यवस्थाओं के बारे में भी बताया गया। सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों के संग्रहण, विश्लेषण और प्रबंधन में IRAD एवं eDAR की भूमिका की जानकारी देते हुए बताया गया कि तकनीक और डेटा के प्रभावी इस्तेमाल से दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर उनकी रोकथाम के लिए बेहतर कदम उठाए जा सकते हैं। विद्यार्थियों को मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रमुख प्रावधानों और उनके अनुपालन के प्रति भी जागरूक किया गया। दुर्गा पूजा सहित त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों या उपयुक्त खाली

स्थानों पर वाहन खड़ा करने, नशे में वाहन नहीं चलाने, अचानक ब्रेक लगाने जैसी परिस्थितियों में सतर्क रहने तथा भारी व्यावसायिक वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने और वाहन की गति नियंत्रित रखने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में बताया गया कि पॉलिटेक्निक के तकनीकी विद्यार्थी नई तकनीक, नवाचार और डेटा प्रबंधन के माध्यम से सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। विद्यार्थियों से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए नए विचार और तकनीकी समाधान विकसित कर उन्हें धरातल पर उतारने की दिशा में प्रयास करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी, सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, रोड इंजीनियर एनालिस्ट मोहम्मद अजहद अंसारी, पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्राचार्या, शिक्षकगण एवं अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल परिवहन विभाग या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सड़क सुरक्षा का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यशाला के माध्यम से सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।