रानीगंज थाना क्षेत्र के नीमचा पुलिस फाड़ी अंतर्गत जेके नगर में 55 वर्षीय अनीता शर्मा की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस फाड़ी के सामने प्रदर्शन किया। कांग्रेस के अल्पसंख्यक जिला नेता फिरोज खान और जिला नेता राजेश्वर शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मृतका के बेटे-बेटी को पर्याप्त सुरक्षा देने तथा दुष्कर्म के आरोपों की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की। पुलिस से

अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता थाने के सामने बैठ गए और ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाकर विरोध जताया। नेताओं ने जेके नगर में नशीले पदार्थों के कथित अवैध कारोबार पर भी चिंता जताते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर पुलिस आयुक्त से मुलाकात की जाएगी। फिलहाल, मामले में जांच की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। इस मौके पर मिथुन बाउरी,कुंदन शर्मा सहित अन्य कांग्रेस के कार्यकर्त्ता और समर्थक मौजूद रहे।
