पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब पुलिस ने राजस्थान के सालासर से हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मानसा में एक मेडिकल स्टोर पर नशे की दवाइयों की कथित बिक्री को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान परविंदर सिंह झोटा को गोली मार दी गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि झोटा लंबे समय से इलाके में नशे के खिलाफ

अभियान चला रहे थे और सोशल मीडिया के जरिए नशीले पदार्थों की कथित बिक्री को उजागर करते थे। घटना के समय भी वह मोबाइल से बहस की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पंजाब और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस हत्या के बाद पंजाब की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। विपक्ष ने भगवंत मान सरकार पर नशे की समस्या और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।