कैमूर में कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर उमड़ा जनसैलाब,लालजी मेधानकर बोले-मायावती के नेतृत्व में आगे बढ़ रही बसपा,आने वाले चुनाव में बिहार के कई जिलों में जीत का जताया भरोसा एंकर – खबर कैमूर से है जहां आज शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम का 20वां परिनिर्वाण दिवस भभुआ शहर के नगर पालिका मैदान में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया.कार्यक्रम में बसपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी भागीदारी रही.जुटी भीड़ के बीच पार्टी नेताओं ने कांशीराम के संघर्षों और बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक करने में उनके योगदान को याद किया. इस दौरान सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसपा के बिहार-झारखंड केंद्रीय सेक्टर प्रभारी डॉ. लालजी मेधानकर और बिहार प्रदेश के मुख्य जोन प्रभारी संतोष कुमार शामिल हुए. साथ ही मुकेश अहिरवार और रामगढ़ विधायक सतीश कुमार उर्फ पिंटू यादव समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे. वहीं डॉ लाल जी मेधानकर ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने समाज के शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को एकजुट कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया.उन्होंने बहुजन समाज को सत्ता और राजनीतिक भागीदारी में अपनी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए संगठित होने का संदेश दिया. बसपा के बिहार-झारखंड केंद्रीय सेक्टर प्रभारी डॉ. लालजी मेधानकर ने कहा कि मान्यवर कांशीराम बसपा को एक मजबूत राजनीतिक संगठन बनाकर गए और उन्होंने बहन मायावती को

अपना उत्तराधिकारी बनाया.उनके अनुसार, मायावती के नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ रही है.उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को कांशीराम के विचारों और बसपा के प्रति समर्थन का संकेत बताया. मेधानकर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल नीला गमछा पहन लेने से कोई बसपा का समर्थक नहीं बन जाता.नीले रंग का संबंध बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और बहुजन आंदोलन की विरासत से है.उन्होंने कहा कि इस विचारधारा को समझने के लिए आंबेडकरवादी सोच और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता जरूरी है.उन्होंने दावा किया कि बिहार में गरीब और अतिपिछड़े वर्गों के लोग जागरूक हो रहे हैं और आने वाले चुनाव में बसपा को राज्य के कई जिलों में सफलता मिलेगी, वहीं बिहार प्रदेश के मुख्य जोन प्रभारी और सासाराम लोकसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी संतोष कुमार ने कहा कि आज बहुजन समाज पार्टी जिस मुकाम पर खड़ी है, उसमें मान्यवर कांशीराम का महत्वपूर्ण योगदान है.उन्होंने सीमित

संसाधनों के बावजूद साइकिल के सहारे गांव-गांव पहुंचकर गरीबों, वंचितों और अतिपिछड़े समाज के लोगों को जोड़ने का काम किया.उनके प्रयासों से बहुजन समाज में राजनीतिक चेतना और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ी, संतोष कुमार ने कहा कि कांशीराम के विचार आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं.बहन मायावती के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने के साथ उनके बताए रास्ते पर चलना ही संस्थापक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी,कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सामाजिक भेदभाव समाप्त करने, समान अवसर सुनिश्चित करने और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया,नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कांशीराम के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संगठित होकर काम करने की अपील की।