झारखंड सर्वोदय मंडल की ओर से टाटीझरिया के दूधमटिया में पर्यावरण एवं वन्य जीव संरक्षण मेला के अवसर पर गांधी चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में झारखंड सर्वोदय मंडल के प्रदेश संयोजक डॉ. विश्वनाथ आजाद ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज देश में गांधी के अहिंसा, प्रेम और करुणा के विचारों के विपरीत नफरत फैलाने वाली विचारधारा बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी सोशल मीडिया पर मिलने वाली भ्रामक जानकारियों से प्रभावित हो रही है। ऐसे में जरूरत है कि युवा गांधी जी के विचारों को समझें और उन्हें अपने आचरण में अपनाएं। डॉ. आजाद ने कहा कि गांधी के विचार केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने अल्बर्ट आइंस्टाइन, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग जैसे लोगों का उदाहरण देते हुए गांधी के विचारों को अपनाने की बात कही।
