झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड समिति महेशपुर की बैठक प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद की अध्यक्षता में हुई। संचालन प्रखंड सचिव जेम्स सुशील हेंब्रम ने किया। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण और बूथ स्तर पर चल रही निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की गई। BLA-2 की सक्रियता तथा फॉर्म-6, 7 और 8 के आवेदनों एवं पावती की पंचायत और बूथवार स्थिति की जानकारी ली गई। कार्यकर्ताओं ने पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने, BLO द्वारा आवेदन स्वीकार नहीं करने, पावती नहीं मिलने और निवासी प्रमाण पत्र नहीं बनने जैसी समस्याएं भी रखीं। वहीं फर्जी एवं दोहरी प्रविष्टियों, बाहरी व्यक्तियों के कथित

पंजीकरण तथा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने के साथ किसी भी शिकायत या अनियमितता की जानकारी तथ्य और प्रमाण के साथ संगठन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। बैठक में निर्णय लिया गया कि ERO को दिए गए पूर्व आपत्तिपत्रों, स्थानीय प्रशासनिक कार्रवाइयों और बूथवार प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर समेकित रिपोर्ट तैयार कर जिला समिति को भेजी जाएगी। बैठक में प्रखंड समिति के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
