हजारीबाग के कटकमसांडी में कोयला साइडिंग से प्रभावित और विस्थापित परिवारों की समस्याओं को लेकर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कटकमसांडी रेलवे स्टेशन के पास आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रदीप प्रसाद ने ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने कोयला साइडिंग के संचालन में नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए धूल और प्रदूषण, आवागमन में परेशानी और विस्थापित परिवारों के अधिकारों

से जुड़े मुद्दे उठाए। लोगों ने कहा कि विकास के नाम पर स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि विकास के साथ प्रभावित परिवारों के हित और पर्यावरणीय मानकों का भी ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने और समाधान की दिशा में पहल का भरोसा दिया। वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कटकमसांडी रेलवे साइडिंग के खिलाफ अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
