रांची के पुराने विधानसभा सभागार में पूर्व मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उनकी पत्नी श्वेता शर्मा और पुत्री सृष्टि शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वकर्मा समाज के प्रदेश अध्यक्ष विकास राणा ने की। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए श्वेता शर्मा ने कहा कि वह अपने पति की तरह ही लोगों से जुड़कर काम करेंगी और उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगी।

वहीं विकास राणा ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू ने संघर्ष के जरिए राजनीति में अपनी पहचान बनाई और झारखंड के विकास को लेकर गंभीर रहे। उन्होंने कहा कि झारखंड को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करना सुदिव्य कुमार सोनू का सपना था। विश्वकर्मा समाज के नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए समाज को मजबूत करने और राजनीति में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

