सातग्राम-श्रीपुर क्षेत्र के निमडांगा प्रोजेक्ट स्थित सातग्राम इंक्लाइन कोलियरी को बंद होने से बचाने की मांग को लेकर ज्वाइंट एक्शन कमेटी (जैक) ने बुधवार को प्रबंधन कार्यालय के बाहर घंटों प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन पर कोलियरी के संचालन को लेकर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया। सातग्राम इंक्लाइन के बीएमएस सचिव रामसाही साहू ने कहा कि एक सप्ताह पहले गेट मीटिंग कर प्रबंधन को कोलियरी बचाने के लिए ठोस कदम उठाने हेतु 10 दिनों का समय दिया गया था। इसके बावजूद अब तक कोई पहल नहीं हुई है। उनका आरोप है कि कोलियरी

प्रबंधन लगातार एक-दो महीने में खदान बंद होने की बात कह रहा है। साहू ने कहा कि कोलियरी में पर्याप्त मात्रा में अच्छी गुणवत्ता का कोयला उपलब्ध है और इसे कई वर्षों तक चलाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि कोलियरी बंद करने का प्रयास किया गया तो जैक की ओर से आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में रोशन चटर्जी, हिमाद्रि चक्रवर्ती, मोहम्मद इलियास, सुशील दे, मनोज प्रसाद, मोहम्मद सिराज हुसैन, मुकेश सिन्हा, वाईपी गुप्ता और अरुण मंडल सहित जैक यूनियन कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।