कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र स्थित सिलौंधा मोड़ के पास मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कैथियां गांव की 12 वर्षीय खुशी कुमारी रोज की तरह साइकिल से स्कूल जा रही थी। खुशी उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कटरा कलां में 9वीं कक्षा की छात्रा थी। इसी दौरान गिट्टी लदे एक अनियंत्रित डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डंपर सड़क पर पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक सड़क जाम रखा। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने मृतका के पिता को नियमानुसार 20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। इसके बाद लोगों को समझाकर जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।