तमकुहीराज तहसील क्षेत्र में नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जवहीं दयाल उर्फ चैनपट्टी के ततवा टोला के पास देर रात एपी तटबंध करीब 25 से 30 मीटर तक टूट गया। तटबंध टूटने के बाद नारायणी नदी का पानी करीब 35 गांवों में पहुंच गया है। पानी बढ़ने से ग्रामीण अपने घरों से सामान लेकर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। कई लोग

खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। घटना की सूचना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF और PAC की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को क्षतिग्रस्त तटबंध से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। NDRF और SDRF की टीमें भी अभियान में सक्रिय हैं।