पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उन्हें पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर देशभर में आंदोलन किया जाएगा और पश्चिम बंगाल में पुरानी मतदाता सूची के आधार पर दोबारा चुनाव कराने की मांग भी उठाई जाएगी।

यह प्रतिक्रिया उस रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से जुड़े कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर आपत्तियां दर्ज की थीं। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि SIR से जुड़े फैसले आयोग की सहमति से लिए गए और उनमें किसी तरह का मतभेद नहीं था। ममता बनर्जी ने इसके बावजूद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के साथ आगे की रणनीति बनाने की बात कही है।
