जामुड़िया में मुटिया मजदूर संघ की ओर से जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी का सम्मान किया गया। भाजपा नेता निरंजन सिंह, विश्वजीत मिश्रा और जिला कमेटी सदस्य राणा बनर्जी के नेतृत्व में मजदूरों ने विधायक को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। सम्मान ग्रहण करने के बाद विधायक ने मजदूरों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई। उन्होंने कहा कि मुटिया मजदूर कड़ी धूप, बारिश और ठंड की परवाह किए बिना मेहनत करते हैं। रात के समय भी बड़ी संख्या में मजदूर जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ उनसे मिलने पहुंचे, वह उनके प्रति मजदूरों के विश्वास को दर्शाता है। इस दौरान मुटिया मजदूर संघ की ओर से पिंटू यादव ने मजदूरों की समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पिछले करीब तीन वर्षों से मजदूरों के

वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन पूजा के दौरान मिलने वाले बोनस में भी अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है। इससे मजदूरों के सामने आर्थिक परेशानी बढ़ रही है। मजदूरों की शिकायत सुनने के बाद विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने मामले को लेकर जामुड़िया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव महेश सावड़िया से फोन पर बातचीत की और मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराया। चैंबर सचिव ने कहा कि उन्हें विधायक के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने मजदूरों से अपनी समस्याओं से संबंधित लिखित शिकायत चैंबर कार्यालय में जमा करने का आग्रह किया, ताकि मामले को आगे बढ़ाते हुए आवश्यक सहयोग किया जा सके। इस मौके पर मुटिया मजदूर संघ के पिंटू यादव, शेख मेजरुल, ललन सिंह समेत अन्य मजदूर मौजूद रहे।