संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सप्ताह के दौरान भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बारो से मुलाकात की। जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच नियमित बैठकें और टेलीफोन पर बातचीत भारत-फ्रांस की विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को गति बनाए रखने में मदद करती हैं। बैठक के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें यूक्रेन संकट और

खाड़ी क्षेत्र की मौजूदा स्थिति प्रमुख रही। दोनों नेताओं ने बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। इस दौरान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। जयशंकर ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच नियमित संवाद से दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को लगातार आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।

