मुंबई के लालबाग-कालाचौकी इलाके में गणपति उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। महागणपति उत्सव मंडल के पास करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। घायलों में 12 साल की एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे ICU में भर्ती कराया गया है। BMC के मुताबिक, 20 सितंबर की रात करीब 2 बजकर 42 मिनट पर दत्ताराम लाड मार्ग पर महागणपति उत्सव मंडल के प्रवेश द्वार के पास बनाए गए अस्थायी पानी के स्टॉल में करंट महसूस हुआ। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर दी और इलाके को घेर दिया। मसिना अस्पताल में 8 वर्षीय रागिनी घनश्याम यादव को डॉक्टरों ने मृत

घोषित किया। वहीं, 19 वर्षीय किरण अकबर नाइक, तन्वी नरेश हांडे और साहिल संदीप तारे का इलाज चल रहा है। ग्लोबल अस्पताल में 33 वर्षीय सुजाता को भी मृत घोषित किया गया, जबकि 12 वर्षीय रुही सिंह की हालत गंभीर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे से पहले इलाके में भारी भीड़ थी और धक्का-मुक्की के दौरान कुछ लोग अस्थायी स्टॉल पर गिर गए। हालांकि, करंट लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। BEST अधिकारियों और पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है और अस्थायी बिजली व्यवस्था की तकनीकी जांच की जा रही है।

