नवी मुंबई में समोसे की दुकान में जोरदार धमाका, दो लोग गंभीर रूप से घायल |

नवी मुंबई में समोसे की दुकान में जोरदार धमाका, दो लोग गंभीर रूप से घायल |

नवी मुंबई के सानपाड़ा सेक्टर-1 स्थित प्रतीक्षा इमारत में मंगलवार को एक समोसे की दुकान में जोरदार विस्फोट हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सिलेंडर में धमाके की आशंका जताई जा रही है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की करीब पांच से छह दुकानों के शटर उखड़ गए। वहीं, लगभग 100 मीटर दूर स्थित सूरज अस्पताल की दीवार और कांच की खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचा है।

हादसे में दुकान में रहने वाले दो लोग, जिन्हें चाचा-भतीजा बताया जा रहा है, घायल हुए हैं। दोनों को वाशी के महानगर पालिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। पुलिस, फायर ब्रिगेड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।