पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में पुलिस पर देसी बम से हमला किया गया है। इस हमले में एक एएसआई घायल हो गए हैं। घटना जिले के सालार इलाके की है, जहां रविवार देर रात पुलिस को जुए का अड्डा चलने की सूचना मिली थी। जानकारी के मुताबिक, पुलिस जब कथित अवैध जुए के अड्डे को बंद कराने पहुंची, तभी बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर देसी बम फेंक दिए। हमले में एएसआई सादिक अली घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए बरहमपुर मेडिकल कॉलेज

अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद सोमवार सुबह से इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस कई स्थानीय लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपियों की तलाश में जांच जारी है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पहले भी देसी बम बरामद होने और बमबाजी की घटनाएं सामने आती रही हैं। अप्रैल में भांगुर में एक टीएमसी कार्यकर्ता के घर से 79 देसी बम बरामद हुए थे। ताजा घटना ने पुलिस की सुरक्षा और अपराधियों के बढ़ते हौसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
