दुर्गापुर बैराज में आवश्यक कार्य किए जाने के कारण 11 से 15 सितंबर तक रात के समय बैराज सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस दौरान प्रत्येक दिन रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक बैराज मार्ग को बंद रखा जाएगा। इसे लेकर यातायात पुलिस की ओर से वाहन चालकों को सतर्क किया गया है। दुर्गापुर के मूचीपाड़ा ट्रैफिक पुलिस के ओसी ने बताया कि बैराज पर निर्धारित कार्य के चलते रात के समय कुछ घंटों के लिए सड़क पर वाहनों का आवागमन रोकना आवश्यक है। कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना से बचने के लिए वाहन चालकों से इस अवधि में बैराज मार्ग का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है। यातायात पुलिस की टीम ने मौके पर वाहन चालकों को रोककर भी जानकारी दी और निर्देश दिया कि रात 11 बजे के बाद बैराज सड़क

से गुजरने से बचें। वाहन चालकों से कहा गया कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें। पुलिस के अनुसार, बैराज मार्ग पर काम चलने के दौरान यातायात बंद रहने से वाहन चालकों को कुछ अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपने गंतव्य के लिए निकलें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। 11 से 15 सितंबर तक प्रतिदिन रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक यह प्रतिबंध लागू रहेगा। दिन के समय बैराज मार्ग पर सामान्य रूप से यातायात संचालित होने की जानकारी दी गई है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे बंदी के निर्धारित समय का पालन करें और पुलिस के निर्देशों के अनुसार ही आवागमन करें।
