कानपुर में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रेल बाजार पुलिस ने रामलीला मैदान के पास किराए के कमरे में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, कमरे के अंदर प्रिंटर और दूसरे सामान की मदद से नकली करेंसी तैयार की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों में 52 वर्षीय शेर सिंह को गिरोह का मास्टरमाइंड बताया गया है। पुलिस ने मौके से कुल 2 लाख 4 हजार 650 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इनमें 100, 50

और 500 रुपये के नोट शामिल हैं। इसके अलावा प्रिंटर, पेपर, इंक, पेपर कटर और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक असली रुपये के बदले तीन रुपये के नकली नोट देने का सौदा करते थे। इन नोटों को खासकर रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजारों में खपाने की तैयारी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी नकली करेंसी बाजार में पहुंचाई है और इसके पीछे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

