हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को जागरूक करने के लिए शुरू की गई माइकिंग व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल में बिचौलियों से सावधान करने और जरूरी सूचनाएं देने के लिए की जा रही उद्घोषणा की तेज आवाज से आसपास के लोगों को परेशानी होने की शिकायत सामने आई है। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने कहा कि जागरूकता के लिए

माइकिंग जरूरी है, लेकिन इसकी आवाज इतनी तेज नहीं होनी चाहिए कि मरीजों, बुजुर्गों, बच्चों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो। उन्होंने बताया कि न्यू एरिया, ओकनी, गुरु गोविंद सिंह रोड और मेन रोड तक माइकिंग की आवाज सुनाई देती है। रंजन चौधरी ने जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से आवाज धीमी करने और कर्कश म्यूजिक ट्यून की जगह मधुर एवं कर्णप्रिय टोन इस्तेमाल करने की मांग की है।

