चतरा डीसी रवि आनंद ने टंडवा प्रखंड का दौरा कर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं निर्माणाधीन कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र के मल्टीप्लेक्स हॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं एवं आमजनों से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में डीसी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति तथा विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अभिलेखों की जांच करते हुए उनके संधारण एवं अद्यतन स्थिति का भी अवलोकन किया। साथ ही कार्यालय में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन एवं लंबित आवेदनों तथा प्रक्रियाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान एसआईआर 2026 (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) के कार्यों के संबंध में भी उपायुक्त ने जानकारी ली। डीसी ने निर्देश दिया कि

नियमानुसार आवश्यक प्रमाण-पत्रों का अविलंब निर्गत करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद डीसी ने टंडवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र के मल्टीप्लेक्स हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से योजना की वर्तमान स्थिति एवं कार्य पूर्ण होने की निर्धारित समय-सीमा की जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, बीडीओ देवलाल उरांव, सीओ गौरव कुमार राय सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

