केरेडारी स्थित ब्रह्माकुमारीज संस्थान के ओम शांति भवन में रविवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी सरिता बहन और बाल राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने केक काटकर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मदिन मनाया। इसके बाद मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य अनिता सिंह और बीके सरिता बहन ने फीता काटकर झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की। बाल कलाकारों ने भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य

प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। झूले में सजे राधा-कृष्ण की झांकी और मोर की आकर्षक प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। इस दौरान बीके सरिता बहन ने जन्माष्टमी के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जन्म आत्मा में छिपी दिव्य शक्तियों और सद्गुणों के जागृत होने का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से ईर्ष्या, क्रोध, लोभ और नफरत जैसे अवगुणों को त्यागकर प्रेम, शांति, पवित्रता और सद्भावना को अपनाने की अपील की।

