टंडवा की मगध परियोजना से बड़ी खबर सामने आ रही है। कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बी. साईराम ने शुक्रवार को सीसीएल की महत्वाकांक्षी मगध परियोजना का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ सीसीएल के सीएमडी निलेन्दु कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। दौरे के दौरान कोयला उत्पादन, डिस्पैच, खदान विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अध्यक्ष बी. साईराम ने उत्पादन में आई कमी को दूर करने और कोयले के संप्रेषण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकतम उत्पादन के साथ सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी

जाए। अध्यक्ष ने मगध खदान का निरीक्षण कर विस्थापन की स्थिति और खनन कार्य के लिए उपलब्ध भूमि की जानकारी ली। उन्होंने भूमि एवं विस्थापन से जुड़े मामलों के जल्द समाधान के लिए भू-रैयतों और संबंधित हितधारकों से बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन एनटीपीसी कोयला कन्वेयर का भी निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों को बेहतर समन्वय और सुरक्षित कार्यप्रणाली के साथ परियोजना के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के निर्देश दिए गए।

