उत्तर प्रदेश के सीतापुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। थानागांव क्षेत्र के राजपुर क्योटाना गांव की रहने वाली कमली ने मंगलवार दोपहर रेउसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें एक बेटी और तीन बेटे शामिल हैं। खास बात यह है कि कमली पहले से ही चार बच्चों की मां हैं। ऐसे में चार बच्चों के जन्म के बाद अब उनके कुल आठ बच्चे हो गए हैं। एक साथ चार बच्चों के जन्म की खबर फैलते ही परिवार में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह कमली को अचानक प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें रेउसा CHC लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों और स्टाफ ने समय पर प्रसव कराया। जन्म के बाद महिला और चारों नवजातों की जांच की गई। बच्चों को विशेष निगरानी की जरूरत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। वहीं, कमली की सेहत पर भी चिकित्सकीय टीम नजर बनाए हुए है। बच्चों के जन्म से परिवार में खुशी है, लेकिन नवजातों के जिला अस्पताल में भर्ती होने के कारण परिजन उनकी सेहत को लेकर चिंतित भी हैं।

