उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बदायूं से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय एक युवक घायल हुआ है। घटना सिंभावली थाना क्षेत्र में रात करीब 12 बजे हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार थार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे जाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार पांचों लोग अंदर

फंस गए। सूचना मिलते ही 112 सेवा और पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकालकर सिखेड़ा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय जोगिंदर, 25 वर्षीय सुखबीर, 20 वर्षीय जसवंत और 20 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। वहीं 17 वर्षीय विष्णु को मामूली चोट आई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन से हटाकर यातायात सुचारू कराया। मामले की जांच जारी है।

