बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना सिटी के मीठा घाट स्थित ऐतिहासिक आध्यात्मिक स्थल खानकाह बरगाह-ए-इश्क तकिया शरीफ में चादर चढ़ाई। इस दौरान उन्होंने बिहार की शांति, खुशहाली, समृद्धि और तरक्की के लिए दुआ की। यह दरगाह सूफी परंपरा, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक मानी जाती है। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग आस्था के साथ पहुंचते हैं और मन्नतें मांगते हैं। दरगाह में हजरत ख्वाजा रुकनुद्दीन इश्क की मजार है, जहां

हर साल उर्स का आयोजन भी होता है। इस ऐतिहासिक खानकाह का संबंध टीपू सुल्तान के परिवार से भी बताया जाता है। यहां मैसूर के शेर कहे जाने वाले टीपू सुल्तान के परपोते शाहजादे मुहम्मद करीम शाह की कब्र मौजूद है। इसके अलावा उनके परिवार के कई अन्य सदस्यों की कब्रें भी यहां बताई जाती हैं। तेजस्वी यादव के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

