साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बिहार पुलिस की ओर से एवरनेश के तहत लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.इसी क्रम में भभुआ स्थित संजय सिंह महिला महाविद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम के दौरान साइबर डीएसपी भभुआ नीतू कुमारी ने महाविद्यालय की छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। इस दौरान साइबर डीएसपी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके बैंक खाते से रुपये की निकासी कर लेते हैं.ऐसे में थोड़ी सी सावधानी बरतकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है.उन्होंने छात्राओं को अनजान मोबाइल नंबर से आने वाली कॉल, मैसेज, लिंक, ई-मेल और सोशल मीडिया संदेशों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, UPI PIN,बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी या पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए.साइबर अपराधी अक्सर बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, कूरियर कंपनी, बिजली विभाग

या अन्य संस्थानों का कर्मचारी बनकर लोगों से गोपनीय जानकारी मांगते हैं.ऐसी स्थिति में किसी भी प्रकार की जानकारी देने से पहले संबंधित संस्था से आधिकारिक माध्यम से संपर्क कर सत्यापन करना जरूरी है। साइबर डीएसपी ने छात्राओं को विशेष रूप से फर्जी लिंक और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने को कहा.उन्होंने कहा कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने या लालच में आकर किसी ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है.सोशल मीडिया पर भी अपनी निजी जानकारी और तस्वीरों को साझा करते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइबर अपराध होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस अथवा संबंधित साइबर अपराध शिकायत माध्यम से संपर्क करने की जानकारी भी दी गई.छात्राओं से कहा गया कि यदि उनके साथ या उनके किसी परिचित के साथ ऑनलाइन ठगी होती है, तो घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। साइबर जागरूकता अभियान में महाविद्यालय की करीब 250 छात्राएं और 20 से अधिक शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न सवाल भी पूछे, जिनका साइबर डीएसपी नीतू कुमारी ने विस्तार से जवाब दिया। साइबर डीएसपी नीतू कुमारी ने बताया कि बिहार पुलिस की ओर से आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराध के नए तरीकों से परिचित कराना और उन्हें ऑनलाइन लेन-देन के दौरान आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा, जो कि हर मंगलवार एवरेंस के तहत चलाया जाना है, जो कि इस बार संजय सिंह महिला महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं से स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करने की अपील की गई।
