कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड में किंगवे हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे NH-19 हाईवे को जाम कर दिया। छात्रों के सड़क पर धरना-प्रदर्शन करने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके

अलावा डीएसपी और एसडीओ रतन भी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद आवागमन को दोबारा शुरू कराया गया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सेमेस्टर में कथित अनियमितता, आधुनिक सुविधाओं की कमी, फीस वसूली में मनमानी और शिक्षकों द्वारा नियमित एवं उचित तरीके से पढ़ाई नहीं कराने का आरोप लगाया। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आगे बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
