जन समाधान दिवस के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच करते हुए त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जन समाधान दिवस में भूमि को प्रतिबंधित श्रेणी से मुक्त करने, बेटी आजिजा खातून के इलाज, पेट्रोल पंप के लिए लंबित अभिलेख पर आदेश करते हुए अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी करने तथा जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने समेत जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर नागरिकों ने आवेदन सौंपे।

उपायुक्त ने सभी मामलों को संवेदनशीलता से लेते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन की गुणवत्तापूर्ण जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता, संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ समय-सीमा के भीतर निष्पादन करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक न्याय, सुविधा और सरकारी सेवाओं की समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करना है।

