22-23 अगस्त को विशेष मतदाता शिविर, अधिक से अधिक भागीदारी की अपील |

22-23 अगस्त को विशेष मतदाता शिविर, अधिक से अधिक भागीदारी की अपील |

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ SIR को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने SIR 2026 के तहत अब तक किए गए कार्यों, 22 एवं 23 अगस्त को आयोजित होने वाले विशेष शिविरों तथा आगामी सुनवाई की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि दोनों दिनों जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक मतदाताओं को शिविर तक पहुंचाएं, ताकि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम एवं विवरण में सुधार सहित अन्य आवश्यक कार्यों का निष्पादन किया जा सके। उन्होंने Form-6 एवं Form-8 से संबंधित कार्यों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही मतदाताओं को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शिविर में पहुंचने के लिए प्रेरित करने को कहा, ताकि एक ही परिवार के कई सदस्यों के नाम जोड़ने अथवा विवरण में सुधार का कार्य एक साथ किया जा सके।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को विशेष शिविरों का सैंपल निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि SIR कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।उपायुक्त ने बताया कि SIR के दौरान जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है अथवा मैपिंग/मैचिंग से संबंधित विसंगतियां हैं, उनके मामलों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनवाई 24 अगस्त 2026 से शुरू होगी। उन्होंने संबंधित मतदाताओं से अपील की कि वे सुनवाई के दौरान अपनी पहचान से संबंधित जानकारी के साथ उस व्यक्ति से संबंधित आवश्यक विवरण तैयार रखें, जिससे मैपिंग की जानी है।

इसमें माता-पिता, दादा-दादी अथवा अन्य संबंधित पूर्वजों की जानकारी, जन्म स्थान एवं जन्म वर्ष आदि शामिल हैं। सुनवाई के दौरान निर्धारित 11 दस्तावेजों में से उपलब्ध वैध दस्तावेजों के आधार पर मामलों का सत्यापन किया जाएगा। प्रत्येक संबंधित व्यक्ति को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। अपरिहार्य कारणों से निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाने वाले व्यक्ति को नियमानुसार दूसरा अवसर भी दिया जाएगा। बड़ी संख्या में मामलों की सुनवाई को देखते हुए पंचायत भवन एवं अन्य उपलब्ध सरकारी भवनों में यथासंभव स्थानीय स्तर पर सुनवाई स्थल निर्धारित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में राजनीतिक दलों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। SIR की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।