कैमूर। जिले के सोनहन थाना क्षेत्र स्थित राज नर्सिंग इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि नामांकन के समय संस्थान ने बेहतर शिक्षण व्यवस्था, योग्य शिक्षक, अच्छे परिणाम और मूलभूत सुविधाओं का वादा किया था, लेकिन दाखिले के बाद वादे पूरे नहीं किए गए। बड़ी संख्या में छात्रों ने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। पोस्टरों पर “झूठ बोलकर एडमिशन करते हैं, वादा कुछ और मिलता

कुछ और” जैसे नारे लिखे थे। छात्रों ने कहा कि शिक्षकों की कमी और सुविधाओं के अभाव से उनके करियर पर असर पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान दो छात्राएं बेहोश हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया। छात्रों ने मांग की है कि नामांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए और शिक्षण व्यवस्था में सुधार किया जाए। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य विवाद नहीं बल्कि अपनी जायज मांगों पर प्रबंधन का ध्यान खींचना है। समाधान न होने पर आगे भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा। अब सबकी निगाह संस्थान प्रबंधन के जवाब पर है।
