हजारीबाग: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कुम्हारटोली में शुक्रवार, 21 अगस्त को रक्षाबंधन उत्सव एवं राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बालिका शिक्षा विभाग के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें कक्षा षष्ठी से द्वादश तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने हाथों से आकर्षक राखियां तैयार कर अपनी रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू ने

छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर छात्राओं ने विद्यालय के भाइयों और आचार्य जी को राखी बांधी। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छात्राओं ने विद्यालय परिसर में पेड़ों को भी राखी बांधी। प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू ने भी वृक्षों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में आचार्य-दीदी एवं भैया-बहन मौजूद रहे।
