केरेडारी टंडवा सिमरिया पिपरवार ग्रामीण सड़क से कोयला ढुलाई के कारण उड़ रहे कोल डस्ट ने इलाके के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर लगातार उड़ती धूल के कारण राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धूल का गुबार इतना अधिक है कि कई बार सड़क पर अंधेरे जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोल डस्ट के कारण सड़क किनारे रहने वाले ग्रामीणों को प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। धूल के लगातार संपर्क में आने से सांस संबंधी बीमारियों समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ने से लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप

है कि समस्या को लेकर जिम्मेदार विभागों और प्रशासन से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। कोयला ढुलाई के दौरान सड़क पर पानी का नियमित छिड़काव, वाहनों को ढककर परिवहन कराने और प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो प्रदूषण के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी गंभीर रूप ले सकता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर कोल डस्ट से हो रही परेशानी पर रोक लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

