वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस के फैसले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 1937 में तुष्टिकरण की राजनीति के चलते वंदे मातरम के दो हिस्से किए थे और इसी फैसले ने देश के विभाजन की नींव मजबूत की।
अमित शाह ने कांग्रेस के उस फैसले की आलोचना की, जिसमें पार्टी कार्यक्रमों में वंदे मातरम के केवल दो छंद गाने की बात कही गई है। उन्होंने इसे तुष्टिकरण की राजनीति बताते हुए कहा कि कांग्रेस का यह निर्णय देश के स्वतंत्रता सेनानियों और वंदे मातरम के लिए बलिदान देने वाले शहीदों का अपमान है।

गृहमंत्री ने कहा कि देश पहले वंदे मातरम के विभाजन के गंभीर परिणाम भुगत चुका है और अब ऐसी गलती दोबारा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी इस फैसले का जनता और विधानसभाओं में विरोध करेगी।

