पलामू में बाढ़ का पानी घर में घुसने से पांचवीं कक्षा की छात्रा कृतिका की पढ़ाई प्रभावित हो गई। मासूम कृतिका ने कुर्सी पर बैठकर पलामू डीसी को अपनी परेशानी बताई। उसने कहा कि कोयल नदी का बाढ़ का पानी घर में घुस गया, जिससे उसकी स्कूल की किताबें और कॉपियां पानी में बह गईं।

अब वह अपनी पढ़ाई कैसे जारी रखेगी। छात्रा की बात सुनकर डीसी ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डीसी ने छात्रा की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए किताबें और पढ़ाई से जुड़ी जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। मासूम छात्रा की चिंता सुनकर प्रशासन की तत्परता ने यह संदेश दिया कि आपदा की स्थिति में बच्चों की शिक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

