मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
आईएमडी के मुताबिक उत्तरी झारखंड, दक्षिण-पश्चिम बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने डिप्रेशन के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। वहीं बिहार और झारखंड में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

उत्तराखंड में 25 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 अगस्त और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 25 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी भारत में 22 से 25 अगस्त के बीच झारखंड, 21 से 23 अगस्त तक बिहार और 21 से 25 अगस्त तक ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट है।
वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिमी तट के कई हिस्सों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

