कैमूर। जिले में सर्पदंश से एक और किशोरी की जान चली गई। मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के घाटी गांव का है। घाटी गांव निवासी राम अंजोर राम की 15 वर्षीय बेटी सुमन कुमारी रात में बेड पर सो रही थी। सुबह करीब 3 बजे उसे जहरीले सांप ने काट लिया। परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए भरारी ले गए। वहां स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो सुबह 11 बजे भभुआ सदर अस्पताल लाया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. साहिल राज के देखरेख में इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम

कराया और परिजनों को सौंप दिया। मृतका 6वीं की छात्रा थी। परिजनों ने गरीब होने का हवाला देते हुए सरकार से आपदा राहत के तहत मुआवजे की मांग की है। वहीं चैनपुर के ही करकटगढ़ गांव में खेत पर काम के दौरान एक युवक को सांप ने काट लिया। परिजन उसे तुरंत सदर अस्पताल लाए, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी स्थिति अब स्थिर है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक न कर तुरंत अस्पताल पहुंचे।
