राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा ने मंगलवार को पाकुड़ परिसदन में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, राशन और पेंशन से जुड़ी समस्याएं सांसद के सामने रखीं। सांसद विजय हांसदा ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर जल्द समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा

कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और संबंधित मामलों को विभागीय स्तर पर लगातार उठाया जाएगा। सांसद ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द निदान कराने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

