केरेडारी-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर सीकरी ओपी क्षेत्र के पतरा पुल के पास शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में पिता और दो वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज रांची में चल रहा है। मृतकों की पहचान बेलतू गांव निवासी मो. यासिम अंसारी (27) और उनकी दो वर्षीय बेटी मैरा परवीन के रूप में हुई है। वहीं पत्नी नगीना खातून (22) गंभीर रूप से घायल हैं। बताया गया कि यासिम अपनी पत्नी और बेटी के साथ बाइक से जोको से बेलतू लौट रहे थे। इसी दौरान देशवारी के पास तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने बाइक में जोरदार

टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर यासिम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बच्ची ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा, बेहतर इलाज और नौकरी की मांग को लेकर रविवार सुबह पतरा चौक के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। बाद में एनटीपीसी की ओर से मृतक के परिजनों को आठ-आठ लाख रुपये मुआवजा और एक नौकरी देने की घोषणा के बाद रात करीब 9 बजे सड़क जाम हटा लिया गया।
