आगामी शारदीय दुर्गा पूजा 2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर ‘नारी शक्ति पाकुड़’ के तत्वावधान में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दीपाली साह ने की, जबकि सचिव मिताली ओंकार की मौजूदगी में पूजा महोत्सव के सुचारू संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान संस्था की सदस्यों को पूजा आयोजन से जुड़े विभिन्न दायित्व एवं जिम्मेदारियां सौंपी गईं। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष महिला वालंटियर्स की टीम तैनात करने का निर्णय लिया गया। आरती,

पूजा-अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, धुनुची नाच, डांडिया उत्सव एवं सिंदूर खेला जैसे आयोजनों के सफल संचालन के लिए अलग अलग उप समितियों का गठन कर सदस्यों को जिम्मेदारियां दी गईं। पूजा परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं अनुशासित बनाए रखने के लिए भी विशेष व्यवस्था करने पर सहमति बनी। बैठक में सुष्मिता दास, सुजाता विश्वास, सोमा हलदार सहित ‘नारी शक्ति पाकुड़’ की कई अन्य सदस्य एवं गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं। संस्था की ओर से दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

