जामुड़िया के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक हरेराम सिंह के पुत्र एवं तृणमूल नेता प्रेमपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को उन्हें आसनसोल अदालत में पेश किया गया। प्रेमपाल सिंह को गुरुवार देर शाम अंडाल के काजी नजरुल इस्लाम हवाई अड्डे के समीप से जामुड़िया थाना पुलिस और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई अवैध बालू तस्करी से जुड़े मामले में की है। प्रेमपाल सिंह की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद जामुड़िया समेत पूरे पश्चिम बर्दवान के राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई। इस मामले में जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि कानून से ऊपर कोई

नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर अवैध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि जांच के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोष साबित होने पर कानून अपना काम करेगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रेमपाल सिंह से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है और अवैध बालू तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद उनकी अदालत में पेशी को लेकर राजनीतिक एवं स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।

