NTPC फ्लाई ऐश ढुलाई में ट्रिप टेलर का विरोध, हाईवा ऑनरों की हड़ताल से ट्रांसपोर्टिंग ठप
केरेडारी/बड़कागांव: नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर, टंडवा से फ्लाई ऐश की ढुलाई में लगाए गए ट्रिप टेलर का हाईवा ऑनरों ने विरोध शुरू कर दिया है। विरोध के चलते केरेडारी, टंडवा, सिमरिया और कटकमसांडी क्षेत्र के हाईवा ऑनर पिछले चार दिनों से अपने वाहन खड़े कर हड़ताल पर हैं।

हाईवा ऑनरों की हड़ताल के कारण केरेडारी, चट्टीबारियातु, आम्रपाली और चंद्रगुप्त कोल माइंस से ट्रांसपोर्टिंग भी प्रभावित हुई है। वाहन मालिकों का आरोप है कि ट्रिप टेलर के कारण टंडवा फोरलेन और डम्भा बागी-चुंदरु मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे एंबुलेंस और स्कूल बसों समेत आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रांसपोर्टिंग ठप होने के बाद टंडवा अंचलाधिकारी ने 14 अगस्त को हाईवा ऑनरों के साथ वार्ता बुलाई है। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, चतरा, अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया के अलावा NTPC और CCL के अधिकारी भी शामिल होंगे।
केरेडारी प्रखंड हाईवा ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष सरोज कुमार साव ने बताया कि बैठक में समस्या के समाधान को लेकर चर्चा की जाएगी।

