उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूलों में पठन-पाठन, छात्र-शिक्षक उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, पाठ्यपुस्तक वितरण, शिक्षकों की सेवा संपुष्टि और स्थानांतरण समेत कई मुद्दों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने शिक्षकों की सेवा संपुष्टि के सभी लंबित मामलों को 25 अगस्त 2026 तक प्रेषित करने का निर्देश दिया। साथ ही सर्विस बुक अपडेट रखने और विभागीय मामलों का समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने सभी उच्च विद्यालयों के परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए नियमित टेस्ट परीक्षा कराने और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए। कक्षा 1 से 5 तक बच्चों की बुनियादी पढ़ने-लिखने की क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। वहीं, लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया नियमानुसार शुरू करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्कूलों में छात्रों के लिए ड्रेस कोड और शिक्षकों के ड्रेस कोड का भी अनिवार्य रूप से पालन कराने को कहा।

