हजारीबाग: अन्नदा महाविद्यालय में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और आगामी 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले विद्यार्थियों के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदाता पहचान-पत्र बनवाने को लेकर विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पात्र छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र विद्यार्थियों से जरूरी दस्तावेज प्राप्त कर उन्हें पंजीकरण की

प्रक्रिया में मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नीलमणि मुखर्जी ने मताधिकार के महत्व और लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि पात्रता पूरी करने वाले सभी छात्र मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

