स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से हाटा नगर पंचायत में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर पंचायत के सभापति रमेश जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

यात्रा में उप सभापति प्रदीप केशरी, भाजपा नगर अध्यक्ष डिम्पल जायसवाल, वार्ड पार्षदों सहित नगर पंचायत के पदाधिकारी और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं बच्चे शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। सभापति रमेश जायसवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी का उत्साह देखने को मिला और पूरा हाटा नगर देशभक्ति के रंग में नजर आया।

