मुंबई के विलेपार्ले पश्चिम इलाके में मंगलवार देर रात एक रिहायशी इमारत की 11वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड ने फ्लैट में फंसे 6 लोगों को रेस्क्यू किया। सभी को नानावती अस्पताल ले जाया गया, जहां ढाई साल के अबीर और

23 वर्षीय अंकिता को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं पार्थ, हिरेन, यशस्वी और अभिषेक का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना शांता भवन बिल्डिंग में रात करीब 10 बजे हुई। शुरुआत में आग को लेवल-1 बताया गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद इसे लेवल-2 कर दिया गया। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। दमकल, पुलिस, BMC और अन्य एजेंसियां मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं।

