झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी देर रात बिना किसी प्रोटोकॉल और बिना बॉडीगार्ड के रांची सदर अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने अनशन पर बैठे आंदोलनकारी देवेंद्र नाथ महतो और अन्य युवाओं से मुलाकात कर उनकी सेहत का हाल जाना। तबीयत बिगड़ने के बाद देवेंद्र नाथ महतो को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके इलाज और स्वास्थ्य की निगरानी के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। फिलहाल डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति खतरे से बाहर

बताई जा रही है। मुलाकात के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अस्पताल में इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर संतोष जताते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशीलता से पेश आने और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिना प्रोटोकॉल सीधे मरीजों और आंदोलनकारी युवाओं के बीच पहुंचने को लेकर मंत्री का यह कदम अस्पताल परिसर में चर्चा का विषय बना रहा।

